अचानक बारिश से बचाएगा रेनकोट, भीगे कपड़ों से इंफेक्शन रोकेंगे एक्स्ट्रा कपड़े, जिप लॉक बैग से मोबाइल-वॉलेट रहेगा सेफ
कलमवीर, डेस्क। बरसात का मौसम घूमने-फिरने के लिए सबसे खूबसूरत माना जाता है। चारों तरफ फैली हरियाली, ठंडी हवाएं और हल्की बौछारें मन को सुकून देती हैं। इसी वजह से मॉनसून में बड़ी संख्या में लोग ट्रिप प्लान करते हैं। हालांकि, इस मौसम में सफर के दौरान कई तरह की दिक्कतों का सामना भी करना पड़ सकता है। अचानक तेज बारिश, भीगे कपड़े या नेटवर्क की समस्या ट्रिप का मजा खराब कर सकती है। ऐसे में अगर आप मॉनसून में ट्रैवलिंग का प्लान बना रहे हैं तो अपने बैग में कुछ जरूरी चीजें जरूर रख लें ताकि सफर यादगार और सुरक्षित बना रहे।
मॉनसून ट्रैवलिंग में सबसे जरूरी चीज रेनकोट है। अचानक होने वाली तेज बारिश से बचने के लिए रेनकोट बैग में होना ही चाहिए। इसके अलावा फोल्डेबल छाता भी रखा जा सकता है जो स्टाइल के साथ-साथ बारिश से भी बचाएगा। बारिश में भीगने के बाद लंबे समय तक गीले कपड़े पहनना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए बैग में डार्क कलर के ड्राई फिट या कॉटन के एक्स्ट्रा कपड़े जरूर रखें जिन्हें जरूरत पड़ने पर बदला जा सके।
कपड़ों के साथ माइक्रोफाइबर तौलिया रखना भी बेहद फायदेमंद है। यह बेहद हल्की होती है और बैग में कम जगह घेरती है। अगर आपके साथ बच्चे ट्रैवल कर रहे हैं तो यह और भी काम आती है। ट्रिप पर जाते समय वॉटरप्रूफ बैग कवर साथ ले जाना न भूलें। इससे आपका बैग और उसके अंदर रखा जरूरी सामान भीगने से बच जाएगा और आप आराम से मौसम का आनंद ले सकेंगे।
मॉनसून की ट्रिप पर मोबाइल फोन, वॉलेट, जरूरी कार्ड्स, रुपये और अन्य कीमती चीजों को सुरक्षित रखने के लिए जिप लॉक बैग सबसे जरूरी है। इसमें आप कोई भी ऐसा सामान रख सकते हैं जो पानी से खराब हो सकता है। सफर को सुरक्षित बनाने के लिए फर्स्ट एड किट भी बैग में जरूर रखें। छोटी-मोटी हेल्थ प्रॉब्लम होने पर तुरंत उपचार किया जा सकेगा, क्योंकि अक्सर ट्रैवलिंग के दौरान मेडिकल स्टोर आसानी से नहीं मिलते।
बारिश और तूफान के चलते कई बार बिजली चली जाती है या नेटवर्क की दिक्कत आ जाती है। ऐसे में पावर बैंक साथ रखना समझदारी है। इससे आप अपने फोन को चार्ज कर सकेंगे और किसी इमरजेंसी में संपर्क बना रहेगा। अगर आपके फोन की बैटरी जल्दी खत्म हो जाती है तो पावर बैंक सफर का सबसे बड़ा साथी साबित होगा।
