कलमवीर जबलपुर। सतपुला से व्हीकल मोड़ रांझी तक जर्जर सड़क और गड्ढों की समस्या को लेकर रविवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। सड़क की बदहाली से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आक्रोश जताते हुए विधायक अशोक रोहाणी का पुतला दहन किया।
कार्यक्रम पूर्व पार्षद राजेश यादव, राजेंद्र मिश्रा एवं युवा कांग्रेस कैंट विधानसभा अध्यक्ष सौरभ यादव के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान सड़क की खराब स्थिति को लेकर नारेबाजी की गई और शासन-प्रशासन से सड़क का शीघ्र स्थायी सुधार कराने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सतपुला से व्हीकल मोड़ रांझी तक का मार्ग कैंट विधानसभा क्षेत्र का महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक, कर्मचारी और विद्यार्थी आवागमन करते हैं। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से सड़क की बदहाली के बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। इसी के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया है।
पूर्व पार्षद राजेश यादव, राजेंद्र मिश्रा एवं युवा कांग्रेस कैंट विधानसभा अध्यक्ष सौरभ यादव ने कहा कि यदि जल्द सड़क का सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया तो जनहित में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
