जबलपुर। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में जबलपुर ने देश के बड़े शहरों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी सर्वेक्षण परिणाम में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जबलपुर को 195 अंक मिले हैं।
सर्वेक्षण की सूची में लखनऊ 198 अंकों के साथ प्रथम, जबकि इंदौर 197 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इसके बाद जबलपुर ने 195 अंक प्राप्त कर तीसरी रैंक हासिल की। जबलपुर के बाद भोपाल और आगरा 192-192 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे।
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 के परिणाम में देश के 10 लाख से अधिक आबादी वाले कुल 48 शहरों को शामिल किया गया है। इस श्रेणी में जबलपुर का प्रदर्शन मध्यप्रदेश के लिए भी महत्वपूर्ण रहा है। सर्वेक्षण की सूची में प्रदेश के इंदौर को दूसरा, जबलपुर को तीसरा और भोपाल को चौथा स्थान प्राप्त हुआ है।
वार्ड स्तर पर भी राष्ट्रीय पुरस्कार
सर्वेक्षण के छठे पृष्ठ पर जारी वार्ड स्तर की राष्ट्रीय पुरस्कार सूची में 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में लखनऊ, भोपाल और नासिक के वार्डों को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान दिया गया है।
