तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप और नियमों के उल्लंघन पर 24 जून से तत्काल प्रभाव से निलंबन, फंड, विकास कार्यक्रम और ट्रेनिंग पर भी रोक
कलमवीर, डेस्क। विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा ने अखिल नेपाल फुटबॉल संघ (ANFA) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई फीफा के नियमों के उल्लंघन और संघ के संचालन में तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से जुड़े मामलों के कारण की गई है।
24 जून से लागू इस निलंबन के बाद नेपाल की राष्ट्रीय फुटबॉल टीमें और सभी क्लब अगले आदेश तक फीफा और एशियाई फुटबॉल परिसंघ (AFC) की किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। निलंबन का सीधा असर ANFA के अधिकारियों और सदस्य निकायों पर भी पड़ेगा, जिन्हें अब फीफा और AFC से मिलने वाली धनराशि, विकास कार्यक्रमों और ट्रेनिंग के अवसरों से वंचित कर दिया गया है।
फीफा ने अपने बयान में साफ किया है कि यह निलंबन तब तक लागू रहेगा जब तक सभी विवादित मामले सुलझ नहीं जाते। अगर तय शर्तें पूरी हो जाती हैं तो अगली फीफा कांग्रेस से पहले इस निलंबन को हटाया भी जा सकता है।
इस फैसले के बाद नेपाल फुटबॉल के अंतरराष्ट्रीय भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। खिलाड़ियों और क्लबों को बड़े टूर्नामेंट से बाहर रहना पड़ेगा, जिससे देश में फुटबॉल के विकास को बड़ा झटका लगने की आशंका है।
