अगले महीने से शुरू होगा बंगाल क्रिकेट का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट, U-16 से सीनियर टीम तक खिलाड़ियों को तराशेंगे दोनों पूर्व भारतीय क्रिकेटर
कलमवीर, कोलकाता। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) ने पश्चिम बंगाल क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। CAB ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अशोक डिंडा को ‘विजन 2028’ कार्यक्रम का प्रमुख और तेज गेंदबाजी का कोच नियुक्त किया है। इसी के साथ पूर्व भारतीय स्पिनर उत्पल चटर्जी को स्पिन गेंदबाजी का कोच बनाया गया है।
अगले महीने से शुरू होने वाला ‘विजन 2028’ पश्चिम बंगाल क्रिकेट के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण परियोजना है। इस प्रोजेक्ट का मकसद राज्य के युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और उनका समग्र विकास करना है। अशोक डिंडा और उत्पल चटर्जी दोनों ही भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं और अब अपने अनुभव से बंगाल के टैलेंट को निखारेंगे।
CAB के इस विजन में सिर्फ सीनियर टीम ही नहीं बल्कि अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर बंगाल की पुरुष एवं महिला टीमों के मुख्य कोचों के साथ-साथ सहायक कोच भी शामिल होंगे। सभी टीमें एक ही विजन के तहत काम करेंगी ताकि बंगाल से लगातार बेहतरीन क्रिकेटर निकलते रहें।
CAB के इस फैसले को घरेलू क्रिकेट में बंगाल की बादशाहत कायम रखने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। डिंडा की तेज रफ्तार और चटर्जी की फिरकी का जादू अब बंगाल के युवा गेंदबाजों को चैंपियन बनाने में मदद करेगा।
