Business@ वेदांता एल्युमीनियम की शेयर बाजार में धमाकेदार दस्तक: डीमर्जर से बनेंगी 5 नई कंपनियां, हर शेयर पर मिलेगा एक शेयर फ्री

Kalamveer News Network
4 Min Read

आईसीआरए से ‘AA+’ रेटिंग मिलने के बाद एल्युमीनियम कारोबार का रिकॉर्ड उत्पादन, डीमर्जर 12-15 महीने में पूरा होने की उम्मीद

कलमवीर, नई दिल्ली। अरबपति अनिल अग्रवाल की अगुवाई वाली वेदांता लिमिटेड ने अपने कारोबार को नई दिशा देने का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने डीमर्जर की योजना को आधिकारिक रूप दिया है, जिसके तहत वेदांता अपने 5 प्रमुख कारोबार को अलग-अलग करके नई कंपनियां बनाएगी और उन्हें शेयर बाजार में लिस्ट करेगी। इस डीमर्जर के बाद वेदांता एल्युमीनियम भी एक स्वतंत्र कंपनी के रूप में बाजार में लिस्ट होगी।

डीमर्जर के तहत एल्युमीनियम, तेल-गैस, बिजली, स्टील और बेस मेटल्स के लिए अलग-अलग कंपनियां बनेंगी। वेदांता लिमिटेड के हर शेयरधारक को इन नई बनने वाली 5 कंपनियों में से हर एक का एक-एक शेयर मुफ्त में मिलेगा। कंपनी ने बताया कि वेदांता लिमिटेड के पास हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के साथ ही स्टेनलेस स्टील और सेमीकंडक्टर व डिस्प्ले के नए व्यवसायों में 65 प्रतिशत हिस्सेदारी बनी रहेगी।

डीमर्जर की यह पूरी प्रक्रिया 12 से 15 महीनों में पूरी होने की उम्मीद है। इसके पूरा होने के बाद वेदांता लिमिटेड समेत कुल 6 कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट होंगी। मौजूदा समय में वेदांता लिमिटेड पहले से ही बीएसई और एनएसई पर लिस्टेड है।

क्रेडिट रेटिंग में बंपर सुधार बना ट्रिगर
डीमर्जर की घोषणा के साथ ही वेदांता ग्रुप को रेटिंग एजेंसी इक्रा से बड़ी खुशखबरी मिली है। इक्रा ने वेदांता और वेदांता एल्युमिनियम मेटल लिमिटेड दोनों की लॉन्ग-टर्म रेटिंग को अपग्रेड करके ‘AA+’ कर दिया है और आउटलुक स्टेबल रखा है। वेदांता ग्रुप के मुताबिक साल 2014 के बाद से यह कंपनी का सबसे मजबूत डोमेस्टिक क्रेडिट प्रोफाइल है। क्रेडिट रेटिंग सुधरने से कंपनी को बैंक और वित्तीय संस्थानों से बेहद सस्ती ब्याज दरों पर कर्ज मिल सकेगा, जिससे मुनाफा बढ़ेगा और सीधा फायदा शेयरधारकों को डिविडेंड व शेयर कीमतों में मिलेगा।

रेटिंग अपग्रेड के बाद बाजार खुलते ही वेदांता के शेयरों में जोरदार एक्शन देखने को मिला। बीएसई पर वेदांता का शेयर 360.70 रुपये के इंट्राडे हाई पर खुला और ट्रेडिंग के दौरान 353.40 रुपये का निचला स्तर भी छुआ।

एल्युमीनियम कारोबार ने बनाया उत्पादन का रिकॉर्ड
वेदांता एल्युमीनियम के लिए डीमर्जर का समय इसलिए भी अहम है क्योंकि कंपनी ने FY26 में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है। एल्युमीनियम बिजनेस में कंपनी ने 24.56 लाख टन का ऑल-टाइम हाई प्रोडक्शन हासिल किया है। यह ग्रोथ खासकर लंजिगढ़ रिफाइनरी में प्रोडक्शन बढ़ने और एफिशिएंसी में सुधार के कारण संभव हुई है। कंपनी की एल्युमिना प्रोडक्शन भी 48% बढ़कर 29.16 लाख टन रही।

क्यों जरूरी था डीमर्जर
वेदांता डीमर्जर की योजना ऐसे समय आई है जब कंपनी भारी कर्ज में है और इसकी यूके स्थित मूल कंपनी वेदांता रिसोर्सेज की रेटिंग में गिरावट भी देखने को मिली है। कंपनी अपने लोन दायित्वों को पूरा करने के लिए फंड जुटाने में संघर्ष कर रही थी। डीमर्जर के बाद वेदांता और वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड के पास ग्रुप के कुल लॉन्ग-टर्म कर्ज का 75 फीसदी से अधिक हिस्सा रहेगा।

वेदांता का मार्केट कैप लगभग 2.69 ट्रिलियन रुपये है और इसका पी/ई रेश्यो 14.8x से 24.5x के बीच है। ब्रोकरेज फर्म्स आम तौर पर वेदांता को ‘Buy’ या ‘Moderate Buy’ रेटिंग दे रही हैं और शेयर में 8.6% से 17.6% तक की तेजी की उम्मीद जता रही हैं।

# # # # # # # # # #

Share This Article
error: This Content is protected !!