LPG पर बड़ी राहत: कमर्शियल सिलेंडर की पाबंदियां हटीं, सप्लाई फिर से शुरू

Kalamveer News Network
3 Min Read

पश्चिम एशिया में तनाव के बाद लगाए गए प्रतिबंध खत्म, बल्क LPG भी 50% तक बहाल, PNG उपभोक्ताओं को शिफ्ट रहने की सलाह

कलमवीर, नई दिल्ली। होटल, रेस्टोरेंट और इंडस्ट्री चलाने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने कमर्शियल LPG सिलेंडर पर लगी सभी अस्थायी पाबंदियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। पश्चिम एशिया में तनाव के चलते सप्लाई पर रोक लगाई गई थी, जिसे अब पूरी तरह बहाल कर दिया गया है।

प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने हालात की समीक्षा के बाद सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश जारी किए हैं। पेट्रोलियम सचिव नीरज मित्तल ने पत्र में साफ किया कि कमर्शियल LPG की आपूर्ति अब संकट से पहले के स्तर पर होगी।

संकट के दौरान घरेलू उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार ने Essential Commodities Act के तहत C3-C4 स्ट्रीम्स को सिर्फ LPG बनाने में लगाने का आदेश दिया था। पेट्रोकेमिकल सेक्टर से हटाकर पूरा फोकस LPG पर कर दिया गया था।

बल्क LPG सप्लाई भी शुरू, 50% तक छूट
सरकार ने बल्क LPG की सप्लाई भी फिर से शुरू कर दी है। इसे संकट से पहले की खपत के 50% तक खोल दिया गया है। इससे मैन्युफैक्चरिंग और बड़े कमर्शियल उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा।

PNG वालों को सरकार की सलाह
केंद्र ने साफ किया है कि जिन कमर्शियल और बल्क उपभोक्ताओं के पास पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा है, वे दीर्घकालिक समाधान के रूप में PNG पर ही रहें या शिफ्ट हो जाएं। जो पहले ही PNG पर शिफ्ट हो चुके हैं, वे आगे भी उसी का इस्तेमाल जारी रखेंगे।

OMCs को डेटा मेंटेन करने के निर्देश
तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को कहा गया है कि सभी वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं का डेटा अपडेट रखें। साथ ही तीनों OMCs के बीच सेक्टरवार एकीकृत डेटाबेस बनाने पर भी जोर दिया गया है ताकि सप्लाई चेन स्मूद रहे। सरकार के इस फैसले से कमर्शियल सेक्टर को बड़ी राहत मिली है। पिछले कुछ हफ्तों से सिलेंडर की किल्लत झेल रहे होटल-ढाबा कारोबारियों के लिए सप्लाई नॉर्मल होना बड़ी खबर है।

Share This Article
error: This Content is protected !!