गर्मी से राहत चाहिए? मानसून में स्वर्ग बन जाता है उत्तराखंड, ये 5 जगहें हैं बेस्ट

Kalamveer News Network
3 Min Read

बारिश में पहाड़ों पर सैलानी कम, लेकिन ये डेस्टिनेशन बन जाते हैं जन्नत, 5-6 हजार में हो जाएगी 2 दिन की ट्रिप

कलमवीर, देहरादून। दिल्ली-NCR की झुलसाने वाली गर्मी से बचने के लिए उत्तराखंड हमेशा से पहली पसंद रहा है। चारधाम, हिल स्टेशन और मंदिरों के लिए मशहूर इस राज्य में हर साल लाखों सैलानी आते हैं। लेकिन मानसून आते ही पहाड़ों पर मूसलाधार बारिश की वजह से टूरिस्टों की आवाजाही घट जाती है।

हालांकि, ये पूरी सच्चाई नहीं है। उत्तराखंड में कुछ जगहें ऐसी हैं जो बारिश में और भी खूबसूरत हो जाती हैं। अगर भीड़-भाड़ से दूर प्रकृति का असली मजा लेना है तो मानसून इन जगहों को घूमने का बेस्ट टाइम है।

मालदेवता: देहरादून के पास छुपा हुआ स्वर्ग
राजधानी देहरादून से कुछ ही मिनट की दूरी पर मालदेवता मानसून में जन्नत बन जाता है। नदी के किनारे बसे छोटे गांव, बीच में बने रिसॉर्ट और कैंप, कल-कल बहती नदियां और हरे-भरे पहाड़ यहां का नजारा कमाल कर देते हैं।

गूलरभोज बैराज: कुमाऊं का अनछुआ हीरा
कुमाऊं रीजन में घूमने वालों के लिए गूलरभोज बैराज बेहतरीन विकल्प है। बारिश खत्म होने के बाद यहां का नजारा देखने लायक होता है। आसपास कई प्राचीन मंदिर और पहाड़ी जिंदगी का असली रंग भी देखने को मिल जाएगा।

कौडियाला: ऋषिकेश के पास एडवेंचर पॉइंट
पहाड़ों पर बारिश में दिक्कत होती है, लेकिन निचले इलाके सेफ रहते हैं। बद्रीनाथ रोड पर ऋषिकेश से 40 किमी दूर कौडियाला कैंपिंग और राफ्टिंग के लिए फेमस है। मानसून में राफ्टिंग बंद रहती है, लेकिन राजाजी नेशनल पार्क से सटे इलाके हरियाली से लकदक हो जाते हैं।

फूलों की घाटी: बारिश में खिल उठता है नेशनल पार्क
यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट फूलों की घाटी मानसून में सबसे खूबसूरत लगती है। चारों तरफ पहाड़, कल-कल बहते झरने और जमीन पर बिछी रंग-बिरंगी फूलों की चादर। ट्रेकिंग लवर्स के लिए ये भारत की सबसे फेमस जगहों में से एक है।

नाग टिब्बा ट्रैक: शॉर्ट ट्रेक, बड़ा नजारा
गढ़वाल हिमालय का ये ट्रैक कम समय में पूरा हो जाता है। मानसून में रास्ते की हरियाली और ठंडी फुहारें ट्रेक का मजा दोगुना कर देती हैं। वीकेंड ट्रिप के लिए परफेक्ट।

मानसून ऑफ-सीजन माना जाता है, इसलिए होटल और कैंप के रेट कम हो जाते हैं। अगर 1-2 दिन की ट्रिप प्लान करते हैं तो ₹5000-₹6000 में आराम से घूम सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग या लोकल पता करके और सस्ते ऑप्शन भी मिल जाएंगे। खर्च सीजन और आपकी पसंद पर कम-ज्यादा हो सकता है।

Share This Article
error: This Content is protected !!