देर रात लापरवाही पड़ सकती थी भारी: नाली खुदाई के बीच गिरा हाईटेंशन लाइन का खंभा, ग्वारीघाट में टला बड़ा हादसा

Srajan Shukla
Srajan Shukla 123 Views
1 Min Read

सृजन शुक्ला, जबलपुर। शहर के ग्वारीघाट झंडा चौक क्षेत्र में शनिवार रात एक बड़ा टल गया, जब हाईटेंशन बिजली लाइन का खंभा अचानक झुककर सड़क की ओर गिर गया। घटना के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही थी, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई और लोग बाल-बाल बच गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार क्षेत्र में नाली निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान खंभे की नींव कमजोर हो गई, जिसके चलते वह अचानक झुक गया। खंभा गिरते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल संबंधित विभागों को सूचना दी।

घटना के बाद एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया गया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

सूचना मिलने पर संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खंभे को सुरक्षित करने तथा बिजली आपूर्ति सामान्य बनाए रखने की कार्रवाई शुरू की। लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share This Article