बाबूजी का लोक-कल्याणकारी जीवन-दर्शन आज भी प्रेरणास्रोत : सांसद आशीष दुबे,स्व. जवाहरलाल दर्डा की जयंती पर पुष्पांजलि एवं सम्मान अलंकरण समारोह,शहीद स्मारक में संस्कारधानी के विशिष्ट व्यक्तित्वों व संस्थाओं का हुआ सम्मान  

Srajan Shukla
Srajan Shukla 66 Views
4 Min Read

जबलपुर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर पत्रकार एवं लोकमत पत्र समूह के संस्थापक स्वर्गीय जवाहरलाल दर्डा ‘बाबूजी’ का जीवन-दर्शन, चिंतन और संघर्ष लोक-कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने आजादी की लड़ाई से लेकर पत्रकारिता और समाजसेवा तक गरीब, दलित, शोषित एवं वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती दी। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह बात सांसद आशीष दुबे ने कही। स्व. जवाहरलाल दर्डा ‘बाबूजी’ की जयंती पर 2 जुलाई को शहीद स्मारक स्थित सेठ गोविंद दास रंगमंच में पुष्पांजलि एवं सम्मान अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। सांसद आशीष दुबे मुख्य अतिथि रहे। विधायक अशोक रोहाणी, विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज तथा लोकमत पत्र समूह के वाइस प्रेसिडेंट एसएस खरे मंचासीन थे।

स्व. दर्डा के कार्यों को सबने सराहा-सांसद दुबे ने कहा कि बाबूजी ने विपरीत परिस्थितियों में स्वतंत्रता संग्राम का रास्ता चुना और जबलपुर जेल में दो वर्ष तक निरुद्ध रहे। स्वतंत्रता के बाद भी उन्होंने समाजसेवा और जनहित की पत्रकारिता को अपना मिशन बनाया। विधायक अशोक रोहाणी ने लोकमत की विकास यात्रा और स्व. ईश्वरदास रोहाणी से उसके आत्मीय संबंधों का स्मरण करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। विधायक डॉ. अभिलाष पांडे ने स्व. दर्डा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को प्रेरक बताया। नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज ने लोकमत समूह के समाजोपयोगी कार्यों की सराहना की। वाइस प्रेसिडेंट एसएस खरे ने बाबूजी के जीवन-दर्शन और लोकमत समूह की सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा स्व. दर्डा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। नवरंग कथक कला केंद्र ने निर्देशक मोती शिवहरे के मार्गदर्शन में वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों का सम्मान एसएस खरे, संजय परौहा, अजीत दुबे एवं डॉ. वंदना परौहा ने किया।

इनको मिला सम्मान पुरूस्कार-समारोह में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से चैतन्य भट्ट और प्रतुल श्रीवास्तव को सम्मानित कियागया।

पत्रकारिता श्री अलंकरण से संजीव चौधरी व परितोष वर्मा, समाज श्री अलंकरण से शरद पाठक, बृजेश मिश्रा व डॉ. ओके राजगोपालाचार्य, शिक्षा श्री अलंकरण से डॉ. शिवकुमार व्यास, चिकित्सा श्री अलंकरण से सर्जन डॉ. एसके पांडेय, सेवा श्री अलंकरण से डॉ. अमिता तिवारी, विनीता सोनी व सुश्री सरोज पिल्लई तथा साहित्य श्री अलंकरण से अनंतराम चौबे को अलंकृत किया गया। संस्था सम्मान चेम्बर ऑफ कॉमर्स जबलपुर, गढ़ा रामलीला समिति और अग्रवाल सभा जबलपुर को प्रदान किया गया। लोकमत समूह के जबलपुर ब्यूरो चीफ संजय परौहा ने आभार प्रदर्शन किया। संचालन राजेश पाठक प्रवीण एवं आशुतोष तिवारी ने किया।

आज होगा स्व. जवाहरलाल दर्डा सभा भवन का भूमि पूजन-जबलपुर केंद्रीय जेल परिसर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं लोकमत पत्र समूह के संस्थापक स्व. जवाहरलाल दर्डा ‘बाबूजी’ की स्मृति में 5 हजार वर्गफीट के सभा भवन का भूमि पूजन आज 4 जुलाई को होगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, लोकमत समूह के एडिटर इन चीफ राजेंद्र दर्डा, सां सद आशीष दुबे और विधायक अशोक रोहाणी भूमिपूजन करेंगे। बाबूजी स्वतंत्रता संग्राम के दौरान दो वर्ष इसी जेल में बंद रहे थे।

Share This Article