सृजन शुक्ला ,जबलपुर.राजस्थान में 13 वर्षीय मासूम बालिका के साथ हुई जघन्य दुष्कर्म की घटना के विरोध में तथा पीड़िता को शीघ्र न्याय एवं दोषियों को फांसी की सजा सहित कठोरतम दंड दिलाने की मांग को लेकर आज नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा मालवीय चौक पर कैंडल मार्च निकाला गया।
कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल हुए। सभी ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर पीड़िता को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने की मांग करते हुए दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
इस दौरान पूर्व विधायक विनय सक्सेना ने कहा कि राजस्थान की मासूम बालिका के साथ हुई यह अमानवीय घटना पूरे देश को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि ऐसे जघन्य अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। दोषियों के विरुद्ध फास्ट ट्रैक कोर्ट में शीघ्र सुनवाई कर उन्हें फांसी की सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी घिनौनी वारदात करने का दुस्साहस न कर सके। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है तथा इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कैंडल मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने महिलाओं की सुरक्षा, बेटियों को न्याय तथा दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान “बेटी को न्याय दो”, “दोषियों को फांसी दो”, “नारी के सम्मान में, कांग्रेस मैदान में”, “नारी की सुरक्षा दे न सके जो, वो सरकार निकम्मी है”, “जो सरकार निकम्मी है, वो सरकार बदलनी है”, “नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद” तथा “भाजपा मुर्दाबाद” के नारे लगाए गए।कार्यक्रम के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराध अत्यंत चिंताजनक हैं। दोषियों को शीघ्र एवं कठोरतम दंड दिलाने तथा देशभर में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस पार्टी निरंतर संघर्ष करती रहेगी।इस अवसर पर पूर्व विधायक विनय सक्सेना, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, वरिष्ठ नेता आलोक मिश्रा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश सोनकर आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे.
