168 सूबेदार/कार्यवाहक आरआई बने आरक्षित निरीक्षक,पुलिस मुख्यालय ने जारी किए पदोन्नति आदेश, जबलपुर के आठ अधिकारियों को भी मिला प्रमोशन

Srajan Shukla
Srajan Shukla 178 Views
2 Min Read

 

सृजन शुक्ला ,जबलपुर। मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित पदोन्नति प्रक्रिया को गति देते हुए पुलिस मुख्यालय, भोपाल ने रविवार को सूबेदार एवं कार्यवाहक आरक्षित निरीक्षकों (आरआई) को नियमित आरक्षित निरीक्षक (RI) पद पर पदोन्नत करने के आदेश जारी कर दिए। मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 के तहत जारी इस आदेश में प्रदेशभर के 168 अधिकारियों को पदोन्नति प्रदान की गई है। �

 

पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी पदोन्नत अधिकारियों को उनके वर्तमान पदस्थापना स्थल पर ही आरक्षित निरीक्षक के रिक्त पदों पर आगामी आदेश तक पदस्थ किया गया है। पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों को पे-मैट्रिक्स लेवल-10 के अनुसार वेतनमान का लाभ मिलेगा तथा उन्हें तत्काल प्रभाव से नवीन दायित्व संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

 

जबलपुर के इन अधिकारियों को मिली पदोन्नति-जारी सूची में जबलपुर जिले के अश्वनी कुमार पटेल, दिनेश शर्मा, मनीष कुमार पयासी, रोहित कुमार तिवारी, अमित सिंह शिववंशी, वीरेंद्र आराख, योगेश चौकसे तथा रेल जबलपुर के रविंद्र कुमार सिंह का नाम शामिल है। इन अधिकारियों के आरक्षित निरीक्षक बनने से जिले की पुलिस व्यवस्था में प्रशासनिक मजबूती आने की उम्मीद जताई जा रही है। �

 

इन शर्तों के साथ प्रभावी होगी पदोन्नति-आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी अधिकारी के विरुद्ध विभागीय जांच, आपराधिक प्रकरण या पदोन्नति नियम-2025 के तहत कोई अयोग्यता लंबित है, तो उसे पदभार ग्रहण कराने से पहले नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि सभी पदोन्नतियां माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय में लंबित मामलों के अंतिम निर्णय के अधीन रहेंगी। आदेश पर पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) हरिनारायणचारी मिश्रा के हस्ताक्षर हैं तथा यह 12 जुलाई 2026 से प्रभावी माना जाएगा।

Share This Article