जबलपुर के सेंट एलॉयसियस स्कूल में धर्म परिवर्तन के आरोप पर बवाल, सफाई कर्मचारियों ने लगाए गंभीर आरोप; हिंदू संगठनों का प्रदर्शन

Srajan Shukla
Srajan Shukla 140 Views
3 Min Read

सृजन शुक्ला ,जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत रिमझा स्थित सेंट एलॉयसियस स्कूल सोमवार को उस समय विवादों में घिर गया, जब स्कूल में कार्यरत कुछ सफाई कर्मचारियों ने स्कूल प्रबंधन पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया। कर्मचारियों का कहना है कि उनसे कहा गया कि यदि स्कूल में नौकरी जारी रखनी है तो धर्म परिवर्तन करना होगा।

इस आरोप की जानकारी मिलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं स्कूल परिसर पहुंच गईं। देखते ही देखते स्कूल के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई और प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

स्थिति को तनावपूर्ण होता देख सूचना पर माढ़ोताल थाना पुलिस सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और स्कूल परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

कर्मचारियों का दावा

सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन की ओर से उन पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया। उनका कहना है कि उन्हें स्पष्ट रूप से कहा गया कि अगर स्कूल में नौकरी करनी है तो धर्म परिवर्तन करना होगा। कर्मचारियों ने इस पूरे मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से करने की बात भी कही है।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कर्मचारियों के बयान लिए जा रहे हैं और स्कूल प्रबंधन से भी पूरे मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल प्रबंधन का पक्ष आना बाकी

समाचार लिखे जाने तक स्कूल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, कर्मचारियों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी अभी प्रशासनिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल स्कूल परिसर के बाहर पुलिस बल तैनात है और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

Share This Article