सृजन शुक्ला,जबलपुर। शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे पुलिस के सामने भी खुलेआम फायरिंग करने से नहीं डर रहे। मंगलवार देर रात रानीताल चौराहे पर हुई दो सनसनीखेज घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे बदमाश कुणाल पटेल ने रानीताल चौराहे के बीचोंबीच शिवम अग्रवाल (पिता- राजेश अग्रवाल) पर जानलेवा फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई । घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि करीब 12:30 बजे लॉर्डगंज थाना पुलिस को आरोपी कुणाल पटेल के पास होने की सूचना मिली। पुलिस टीम जैसे ही उसे पकड़ने पहुंची, आरोपी ने पुलिस के सामने ही तीन राउंड हवाई फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और पुलिस के संभलने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है। देर रात तक आरोपी की तलाश जारी रही।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फायरिंग के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित किए जाने की जानकारी भी सामने आ रही है।
