जबलपुर। शहर के पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। हाल ही में हुए तबादलों के बाद कई थाना प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। अधिकारियों के नए पदस्थापन के साथ अब अलग-अलग थाना क्षेत्रों की कमान नए प्रभारियों के हाथों में होगी।
मदनमहल से धीरज राज का तबादला विजयनगर किया गया है। वहीं विजयनगर थाना प्रभारी अनिल पटेल को अब बेलखेड़ा थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में सिविल लाइन थाना प्रभारी स्वप्निल दास का तबादला पुलिस लाइन कर दिया गया है। उनके स्थान पर यातायात विभाग में पदस्थ शशि धुर्व को सिविल लाइन थाने की कमान सौंपी गई है।
वहीं उमेश यादव के तबादले को लेकर भी पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर जारी था. उमेश यादव को मदनमहल थाने में पदस्थ किया गया है। उनके नए पदस्थापन के बाद मदनमहल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली में बदलाव देखने को मिल सकता है।
लगातार हो रहे इस फेरबदल को लेकर पुलिस महकमे में चर्चाएं तेज हैं। अब देखने वाली बात होगी कि नए थाना प्रभारियों की तैनाती के बाद संबंधित क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग के स्तर पर कितना असर देखने को मिलता है।
