कलमवीर जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में गोरखपुर थाने के ठीक सामने वाली लाइन में पूर्व विधायक तरुण भनोट के बंगले के समीप दीक्षित बिल्डर द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य के दौरान आज हादसा हो गया। निर्माणाधीन भवन के बेसमेंट के लिए की गई गहरी खुदाई के चलते दीक्षित पैराडाइज की ओर की मिट्टी धंस गई। गनीमत रही कि घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और न ही कोई वाहन क्षतिग्रस्त हुआ।
घटना स्थल के ठीक समीप दीक्षित पैराडाइज स्थित है, जहां दर्जनों परिवार निवास करते हैं। बताया जा रहा है कि नए प्रोजेक्ट के लिए बेसमेंट की गहरी खुदाई की गई थी। खुदाई के दौरान पर्याप्त सपोर्ट नहीं होने के कारण तेज बारिश में मिट्टी खिसक गई और दीक्षित पैराडाइज की ओर का हिस्सा धंस गया। घटना के बाद रहवासियों में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
रहवासियों का कहना है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा एवं सपोर्ट के की जा रही गहरी खुदाई गंभीर खतरा पैदा कर रही थी। उनका कहना है कि यदि मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंस जाता तो यह घटना बड़े हादसे में बदल सकती थी।
वहीं, दीक्षित प्राइड के बिल्डर ए.सी. दीक्षित ने मामले पर कहा कि घटना बड़ी नहीं थी और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई। उनके अनुसार जो हिस्सा धंसा है, वह मिट्टी का था और वहां रिटेनिंग वॉल बनाई जानी थी।
हालांकि, मौके की तस्वीरों में पार्किंग क्षेत्र की ओर का हिस्सा धंसा हुआ दिखाई दे रहा है। रहवासियों के मुताबिक खुदाई के कारण उनकी सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ है। पूरे मामले में निर्माण स्थल की तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था और खुदाई के मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
प्रशासन से जांच एवं सुरक्षा की मांग
घटना को देखते हुए प्रशासन से मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराई जाए। निर्माण स्थल का तत्काल निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि बेसमेंट की खुदाई एवं निर्माण कार्य निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जा रहा है या नहीं।
साथ ही, दीक्षित पैराडाइज में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त सपोर्ट एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे या जनहानि की स्थिति उत्पन्न न हो।
— कलमवीर जबलपुर
