सृजन शुक्ला -कलम वीर न्यूज़ – दतिया उपचुनाव स्पेशल – “फ्लाइंग किस से साधे दिल, ‘तुमसे मिलने को दिल करता है’ से जोड़ा रिश्ता… फिर कांग्रेस पर तीखा हमला” दतिया उपचुनाव में भावनाओं और सियासत का संगम, ‘मामा’ की पुरानी छवि के सहारे भाजपा ने साधा चुनावी संदेश

Srajan Shukla
Srajan Shukla 252 Views
4 Min Read

सृजन शुक्ला, दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव अब महज एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि भाजपा और कांग्रेस के लिए राजनीतिक प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। यही कारण है कि भाजपा ने अपने सबसे लोकप्रिय जननेताओं में शामिल केंद्रीय कृषि मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को चुनावी मैदान में उतारकर साफ संकेत दिया कि पार्टी इस मुकाबले को हल्के में लेने के मूड में नहीं है।रविवार को बसई में आयोजित जनसभा में शिवराज सिंह चौहान का अंदाज पूरी तरह चुनावी रहा। भाषण की शुरुआत भावनाओं से हुई, लेकिन समापन कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक प्रहार के साथ हुआ।

“आई लव यू मामा”… फ्लाइंग किस और फिल्मी अंदाज से बनाया माहौल

जैसे ही मंच पर पहुंचे शिवराज सिंह चौहान का स्वागत भीड़ ने “आई लव यू मामा” के नारों से किया। जवाब में उन्होंने मुस्कुराते हुए समर्थकों की ओर फ्लाइंग किस उछाली और कहा—”आई लव यू टू…”। इसके बाद उन्होंने पूछा, “क्या आपको भी मेरी याद आती है?” और फिल्मी अंदाज में “तुमसे मिलने को दिल करता है…” गीत की पंक्तियां गुनगुनाकर समर्थकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाने की कोशिश की।

राजनीतिक जानकारों की मानें तो यह केवल मंचीय संवाद नहीं था, बल्कि भाजपा की उस रणनीति का हिस्सा था, जिसके तहत शिवराज की ‘मामा’ वाली लोकप्रिय छवि को फिर से चुनावी माहौल में केंद्र में लाने की कोशिश की जा रही है।

भावनाओं के बाद कांग्रेस पर सियासी हमला

माहौल अपने पक्ष में करने के बाद शिवराज सीधे कांग्रेस पर हमलावर हो गए। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति सत्ता का सुख भोगने के लिए नहीं, बल्कि गरीब कल्याण, सेवा और विकसित भारत के संकल्प के लिए है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।इसके बाद उन्होंने 2003 से पहले के मध्यप्रदेश का जिक्र करते हुए कांग्रेस शासनकाल को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि उस समय ग्वालियर-चंबल क्षेत्र अपराध का पर्याय बन चुका था। शाम ढलते ही लोग घरों में कैद हो जाते थे और डकैती, हत्या व अपहरण आम घटनाएं थीं।

उन्होंने दावा किया कि “जब जिम्मेदारी मिली तो तय किया—या तो शिवराज रहेगा या डकैत।” साथ ही सड़क, बिजली और पानी जैसे मुद्दों पर भी कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि “तब सड़क में गड्ढा था या गड्ढे में सड़क, समझ नहीं आता था। बिजली आती कम और जाती ज्यादा थी।”

आशुतोष के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन

भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की तारीफ करते हुए शिवराज ने कहा कि “बसई मेरे दिल में बसता है। आशुतोष ने बुलाया, इसलिए मैं चला आया।” इस बयान के जरिए उन्होंने यह संदेश भी दिया कि भाजपा संगठन इस उपचुनाव को पूरी ताकत से लड़ रहा है और शीर्ष नेतृत्व प्रत्याशी के पीछे मजबूती से खड़ा है।

राजनीतिक विश्लेषण : ‘मामा’ की लोकप्रियता बनाम स्थानीय मुद्दों की चुनौती

बसई की सभा का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश यह रहा कि भाजपा इस चुनाव में केवल सरकार की योजनाओं या विकास कार्यों पर निर्भर नहीं दिखना चाहती। पार्टी ने शिवराज सिंह चौहान की व्यक्तिगत लोकप्रियता, भावनात्मक जुड़ाव और ‘मामा’ ब्रांड को भी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बनाया है।

दूसरी ओर, कांग्रेस बेरोजगारी, महंगाई और स्थानीय असंतोष जैसे मुद्दों को चुनाव के केंद्र में लाने की कोशिश कर रही है। ऐसे में दतिया उपचुनाव का मुकाबला अब भावनात्मक अपील बनाम स्थानीय मुद्दों, लोकप्रिय चेहरा बनाम जनसरोकार, और संगठन की ताकत बनाम जमीनी नाराजगी के बीच दिलचस्प राजनीतिक संघर्ष के रूप में देखा जा रहा है।

https://www.instagram.com/reel/DbUwqYLPXMI/?igsh=dnNpeHJpcmMxc2Z6

Share This Article