रांझी थाना एवं स्टेट बैंक के सामने अव्यवस्थित पार्किंग से रोजाना लग रहा जाम, दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा

Srajan Shukla
Srajan Shukla 98 Views
2 Min Read

जबलपुर। रांझी थाना एवं स्टेट बैंक, रांझी के सामने मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन अव्यवस्थित तरीके से खड़ी दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के कारण गंभीर यातायात जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। थाने के बाहर तथा सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यस्त मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूल बसें एवं बच्चों की वैन, सीओडी खमरिया, 506 फैक्ट्री तथा अन्य शासकीय एवं औद्योगिक संस्थानों के कर्मचारी एवं आम नागरिक आवागमन करते हैं। जाम के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, कर्मचारियों एवं राहगीरों को समय पर गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाई होती है तथा आए दिन सड़क दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।

 

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इस मार्ग पर तत्काल प्रभाव से नो-पार्किंग व्यवस्था लागू कर नियमित यातायात नियंत्रण, वाहन चालानी कार्रवाई तथा वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई, तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

 

जनहित में संबंधित प्रशासन, पुलिस विभाग एवं यातायात पुलिस से मांग की गई है कि रांझी थाना एवं स्टेट बैंक के सामने सड़क पर हो रही अवैध पार्किंग को तत्काल हटाकर स्थायी यातायात व्यवस्था लागू की जाए, ताकि आमजन को जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिल सके।

Share This Article