जंतर-मंतर की राह पर छात्र आंदोलन: जबलपुर में एमपी स्टूडेंट यूनियन का शक्ति प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

Srajan Shukla
Srajan Shukla 305 Views
2 Min Read

सृजन शुक्ला, जबलपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलनों की गूंज अब जबलपुर में भी सुनाई देने लगी है। मध्य प्रदेश स्टूडेंट यूनियन (एमपीएसयू) ने सोमवार को मालवीय चौक से फुहारा तक विशाल पैदल मार्च निकालकर शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि यदि छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को दिल्ली के जंतर-मंतर तक ले जाया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक पांडे के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षाओं में पारदर्शिता, समय पर परीक्षा परिणाम और बढ़ती फीस पर नियंत्रण की मांग उठाई। छात्रों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है।

एमपीएसयू ने कहा कि देशभर में शिक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर उठ रही आवाज अब प्रदेश के शहरों तक पहुंच चुकी है और जबलपुर का यह प्रदर्शन उसी राष्ट्रीय छात्र आंदोलन की एक कड़ी है। यदि सरकार ने जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन करेगा।

प्रमुख मांगें-केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।परीक्षा प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।समय पर परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएं।शैक्षणिक संस्थानों की बढ़ती फीस पर नियंत्रण लगाया जाए।छात्र हितों से जुड़े सभी लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाए।

एमपीएसयू के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक पांडे ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन की मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ी तो दिल्ली के जंतर-मंतर तक संघर्ष को पहुंचाया जाएगा।

Share This Article