सृजन शुक्ला,जबलपुर। भोपाल-जबलपुर मार्ग पर शहपुरा पुल का निर्माण अधूरा होने के कारण पाटन मार्ग पर डायवर्ट किए गए भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच एक और सड़क हादसे में जान जाने के बाद पूर्व मंत्री एवं विधायक अजय विश्नोई ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह पर निशाना साधा है।
अजय विश्नोई ने अपनी पोस्ट में लिखा कि भोपाल-जबलपुर के बीच शहपुरा पुल का निर्माण पूरा नहीं होने से पूरा हेवी ट्रैफिक पाटन होकर जबलपुर आ रहा है। यह सड़क इतने भारी ट्रैफिक के लिए बनाई ही नहीं गई थी, लेकिन लगातार भारी वाहनों की आवाजाही ने इसकी हालत पूरी तरह खराब कर दी है। इसका खामियाजा आम लोगों को हादसों के रूप में भुगतना पड़ रहा है।
पूर्व मंत्री ने दावा किया कि जबलपुर-पाटन सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की योजना को प्रदेश सरकार के बजट में शामिल किया जा चुका है, लेकिन यह सड़क लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की प्राथमिकता में नहीं होने के कारण अब तक निर्माण कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिल सकी है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर उन्हें पत्र सौंपा है। पत्र में बजट में शामिल जबलपुर-पाटन एवं पाटन-मानकेड़ी सड़क के निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने और निर्माण शुरू कराने का आग्रह किया गया है।
पूर्व मंत्री का कहना है कि यदि सड़क निर्माण में और देरी हुई तो भारी ट्रैफिक का दबाव इसी तरह बना रहेगा और दुर्घटनाओं का सिलसिला थमना मुश्किल होगा। उन्होंने सरकार से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।
हालांकि, इस संबंध में लोक निर्माण विभाग या मंत्री राकेश सिंह की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
