सृजन शुक्ला ,जबलपुर। विजयनगर थाना क्षेत्र में एक युवक पर 13-14 युवकों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने पहले युवक को घेरकर गाली-गलौज की, फिर बंदूक की बट, चाकू और बेसबॉल बैट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने उसे कार में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया और अस्पताल तक पीछा कर उसके साथ मारपीट की। घायल युवक का उपचार मेट्रो अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सनातन चौक, आकर्ष टाउनशिप, विजयनगर निवासी 18 वर्षीय अग्रिम मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई है कि 30 जून की रात करीब 8:30 बजे वह इवॉल्व फिटनेस जिम में था। इसी दौरान उसके मित्र इहान धोंधिया ने फोन कर किसी काम से ट्रायंगल पार्क बुलाया। वह अपनी मोपेड से वहां पहुंचा तो पहले से मौजूद जीत मिश्रा अपने 13-14 साथियों के साथ आ गया और विवाद शुरू कर दिया।
बंदूक की बट और चाकू से किया हमला-पीड़ित का आरोप है कि जीत मिश्रा ने बंदूक की बट से उसके चेहरे पर वार किया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने चाकू से उसके सिर और जांघ पर हमला कर दिया। वहीं बेसबॉल बैट और डंडों से हाथ, पैर सहित पूरे शरीर पर ताबड़तोड़ प्रहार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश-मारपीट के बाद आरोप है कि जीत मिश्रा ने अपने साथियों से घायल युवक को कार में बैठाने के लिए कहा। दो आरोपी उसे जबरन कार में बैठाकर अहिंसा चौक की ओर ले जाने लगे। रास्ते में शैल्बी अस्पताल के सामने मौका पाकर अग्रिम कार से कूद गया और अस्पताल की ओर भागा।
अस्पताल के भीतर भी की मारपीट-पीड़ित का आरोप है कि हमलावर अस्पताल के अंदर तक पहुंच गए और वहां भी उसके साथ मारपीट की। जब वह अस्पताल के भीतर सुरक्षित पहुंच गया, तब आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद अग्रिम ने अपने पिता को घटना की जानकारी दी और उसे उपचार के लिए मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच-घटना की सूचना मिलने पर विजयनगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 296(बी), 118(1), 191(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
