सृजन शुक्ला, कलमवीर।मध्य प्रदेश सरकार ने 1991 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल को राज्य का कार्यवाहक मुख्य सचिव (Acting Chief Secretary) नियुक्त किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वे अगले आदेश तक इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। यह नियुक्ति पूर्व मुख्य सचिव अनुराग जैन के नीति आयोग का सीईओ बनाए जाने के बाद की गई है, जिससे मुख्य सचिव का पद रिक्त हो गया था।
कई अहम विभागों की जिम्मेदारी पहले से-अशोक बर्णवाल वर्तमान में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत हैं। इसके अलावा उनके पास भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी है। अब इन जिम्मेदारियों के साथ वे राज्य के कार्यवाहक मुख्य सचिव का दायित्व भी निभाएंगे।
लंबा प्रशासनिक अनुभव-1991 बैच के आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल का प्रशासनिक अनुभव तीन दशक से अधिक का है। उन्होंने माइनिंग इंजीनियरिंग में बी.ई. तथा पब्लिक पॉलिसी एवं मैनेजमेंट में स्नातकोत्तर डिप्लोमा किया है। मध्य प्रदेश में वे गुना, शहडोल और देवास के कलेक्टर रह चुके हैं तथा विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में वरिष्ठ पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
