सृजन शुक्ला जबलपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) मध्यप्रदेश ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला अध्यक्ष एवं जिला महामंत्रियों की नई नियुक्तियों की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर द्वारा जारी सूची में जबलपुर ग्रामीण जिले की कमान पंकज तिवारी को सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्तियां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति से की गई हैं। संगठनात्मक विस्तार के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला अध्यक्ष एवं जिला महामंत्रियों की नियुक्तियां घोषित की गई हैं।
जबलपुर ग्रामीण से पंकज तिवारी को जिला अध्यक्ष बनाए जाने के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा।
भाजयुमो की सूची में सागर ग्रामीण, हरदा, सीधी, टीकमगढ़, खरगोन, बैतूल, झाबुआ, ग्वालियर नगर, रतलाम, बड़वानी, शहडोल, सीहोर, खंडवा और उज्जैन नगर सहित कई जिलों में भी नई नियुक्तियां की गई हैं।
प्रदेश नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन हित में सक्रियता से कार्य करने और आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
