लमती की बदहाल गलियों पर फूटा रहवासियों का गुस्सा,वार्ड 72 में सड़क निर्माण नहीं होने से नाराज लोग, पार्षद पर उपेक्षा का आरोप 

Srajan Shukla
Srajan Shukla 276 Views
2 Min Read

सृजन शुक्ला जबलपुर। नगर निगम की सीमा में आने वाले वार्ड क्रमांक 72 (दादा ठनठपाल वार्ड) के लमती क्षेत्र की बदहाल गलियों को लेकर रहवासियों में गहरा आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्षों से क्षेत्र की सड़कों की स्थिति बेहद खराब है, लेकिन जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही। क्षेत्र में जगह-जगह टूटी सड़कें और कीचड़ के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।

 

रहवासियों का कहना है कि गली नंबर-4 की सड़क निर्माण की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र की पार्षद अर्चना सिसोदिया ने सड़क निर्माण से यह कहते हुए इनकार कर दिया कि पूरी कॉलोनी अवैध है। इस पर रहवासियों का सवाल है कि यदि कॉलोनी अवैध है तो नगर निगम उनसे संपत्ति कर और अन्य करों की वसूली किस आधार पर कर रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने महापौर, विधायक और विपक्षी नेताओं पर भी क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। उनका कहना है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि क्षेत्र में पहुंचते हैं, लेकिन समस्याओं के समाधान के लिए कोई आगे नहीं आता। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र का सर्वे कराकर सड़क निर्माण और अन्य मूलभूत सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

Share This Article