स्कूल से लौटते समय रास्ता भटकी 10 वर्षीय बच्ची, गोहलपुर पुलिस ने कुछ ही घंटों में परिजनों से मिलाया

Srajan Shukla
Srajan Shukla 88 Views
2 Min Read

सृजन शुक्ला ,जबलपुर। गोहलपुर थाना पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रास्ता भटक गई 10 वर्षीय बालिका को उसके परिजनों से सकुशल मिलवा दिया। बच्ची स्कूल से घर लौटते समय रास्ता भटककर गोहलपुर तिराहे तक पहुंच गई थी, जहां वह रोती हुई मिली।

थाना प्रभारी रीतेश पाण्डे ने बताया कि सोमवार शाम सूचना मिली कि गोहलपुर तिराहे के पास एक करीब 10 वर्षीय बच्ची रोते हुए खड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित थाने लेकर आई। पूछताछ में उसने अपना नाम वैष्णवी कोरी, पिता का नाम राजू कोरी, माता का नाम अनीता कोरी तथा भाई का नाम विनायक बताया, लेकिन वह अपने घर का पता नहीं बता सकी।

मामले की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और कंट्रोल रूम को दी गई। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर बच्ची के परिजनों की तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया। कंट्रोल रूम से वायरलेस के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्र के सभी थानों को सूचना प्रसारित की गई। इसके साथ ही जबलपुर पुलिस के व्हाट्सएप ग्रुपों और सोशल मीडिया पर बच्ची का फोटो साझा कर परिजनों की तलाश की गई।

स्थानीय लोगों के सहयोग से तलाश के दौरान अधारताल के कटरा निवासी राजू कोरी गोहलपुर थाने पहुंचे और बच्ची की पहचान अपनी बेटी वैष्णवी कोरी के रूप में की। आवश्यक पुष्टि के बाद पुलिस ने बच्ची को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया।

पूछताछ में सामने आया कि वैष्णवी स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटते समय रास्ता भटक गई थी और भटकते-भटकते गोहलपुर क्षेत्र में पहुंच गई। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने गोहलपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया। वहीं पुलिस ने पिता को भविष्य में बच्ची का विशेष ध्यान रखने और छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की समझाइश भी दी।

Share This Article