जबलपुर, 7 जुलाई। जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर परिषद पनागर के उपयंत्री शुभम जैन को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अभिलाष रजक को भी आरोपी बनाया गया है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता राजेंद्र कुमार सतनामी (39), निवासी जबलपुर, ठेकेदारी का कार्य करते हैं। वर्ष 2024-25 में उन्हें नगर परिषद पनागर की स्वास्थ्य शाखा में कीटनाशक सामग्री आपूर्ति का 9.75 लाख रुपये का टेंडर मिला था। सामग्री की सप्लाई के बाद उन्हें पहली किस्त के रूप में 90 हजार रुपये और दूसरी किस्त में 64,066 रुपये का भुगतान मिल चुका था।
आरोप है कि शेष भुगतान और कार्यालय में जमा 48 हजार रुपये की फिक्स डिपॉजिट राशि जारी करने के एवज में उपयंत्री शुभम जैन और कर्मचारी अभिलाष रजक 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। इसकी शिकायत शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त पुलिस से की।
शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर लोकायुक्त ने ट्रैप की योजना बनाई। आरोपी 40 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया। सोमवार को नगर परिषद पनागर कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई के दौरान जैसे ही शिकायतकर्ता ने 40 हजार रुपये दिए, लोकायुक्त टीम ने उपयंत्री शुभम जैन को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
