सृजन शुक्ला ,जबलपुर। जिला अधिवक्ता संघ चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए चुनाव समिति ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी दिनेश उपाध्याय ने समस्त प्रत्याशियों एवं अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी मतदाता को असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
सुबह 9:45 बजे तक पहुंचे प्रत्याशी, समय पर शुरू होगा मतदान-मुख्य चुनाव अधिकारी ने सभी प्रत्याशियों से सुबह 9:45 बजे तक मतदान स्थल पर पहुंचने का अनुरोध किया है, ताकि निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हो सके और पूरे कार्यक्रम का संचालन व्यवस्थित तरीके से किया जा सके।चार न्यायाधीशों की निगरानी में होगी पूरी चुनाव प्रक्रिया-चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए चार न्यायाधीश पूरे समय मतदान प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। न्यायालय द्वारा इस संबंध में लिखित आदेश भी जारी किए जा चुके हैं। चुनाव समिति का कहना है कि प्रत्येक चरण पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, जिससे मतदान शांतिपूर्ण और विवादरहित तरीके से संपन्न हो सके।
प्रवेश-निकासी और पार्किंग के लिए अलग व्यवस्था-मतदाताओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग प्रवेश और निकासी मार्ग निर्धारित किए गए हैं।अधिवक्ताओं के वाहनों की पार्किंग के लिए गेट क्रमांक-1 एवं 2 से प्रवेश मिलेगा।गेट क्रमांक-4, कलेक्ट्रेट रोड, तहसील चौक रोड एवं कचहरी वाले बाबा की ओर से केवल दोपहिया वाहनों को प्रवेश की अनुमति रहेगी।मतदाताओं का प्रवेश गेट क्रमांक-4 तथा निकासी गेट क्रमांक-3 से होगी।
यूनियन बैंक के सामने करेंगे प्रत्याशी जनसंपर्क-सभी प्रत्याशी गेट क्रमांक-4 स्थित यूनियन बैंक के सामने अपने समर्थकों और मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे। यहां मतदाताओं की सुविधा के लिए कूलर और पेयजल की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
केवल अधिवक्ताओं को मिलेगा प्रवेश-चुनाव के दौरान न्यायालय परिसर में केवल अधिवक्ताओं को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी। लॉ स्टूडेंट, ट्रेनी, इंटर्न और अधिवक्ताओं के परिजनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही अधिवक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपने पक्षकारों को न्यायालय न बुलाएं। चुनाव के कारण किसी भी प्रकरण में न्यायालय की ओर से प्रतिकूल आदेश पारित नहीं किए जाएंगे।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर चुनाव समिति का जोर-मुख्य चुनाव अधिकारी दिनेश उपाध्याय ने सभी अधिवक्ताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक मतदान जिला अधिवक्ता संघ को मजबूत और प्रतिनिधिक बनाएगा। उन्होंने सभी से अनुशासन बनाए रखने तथा चुनाव समिति के दिशा-निर्देशों का पालन करने का भी आग्रह किया।
चुनाव पर सबकी नजर-जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव न्यायालय परिसर का सबसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक आयोजन माना जाता है। ऐसे में इस बार भी निष्पक्ष मतदान, व्यापक भागीदारी और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और चुनाव समिति ने सुरक्षा, यातायात और निगरानी की विशेष व्यवस्था की है। पूरे चुनाव पर अधिवक्ताओं की निगाहें टिकी हुई हैं।
