सृजन शुक्ला, जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी (पिछड़ा वर्ग मोर्चा) के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय सिंह यादव का मंगलवार को भोपाल में हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया। वे 56 वर्ष के थे। उनके असामयिक निधन से भाजपा संगठन, समर्थकों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
संजय सिंह यादव लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रहते हुए पिछड़ा वर्ग मोर्चा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार आज शाम जबलपुर स्थित उनके निज निवास से अंतिम यात्रा निकलने के बाद किया जाएगा। उनके निधन को भाजपा और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।
