कलमवीर जबलपुर। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर रांझी पुलिस ने स्कूलों की छुट्टी के समय सघन चेकिंग एवं गश्त अभियान तेज कर दिया है। इसी दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया वाहन पर सवार तीन संदिग्ध लड़कों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
तलाशी के दौरान एक नाबालिग के पास से खतरनाक चाइना चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में नाबालिग ने स्वयं को मानगांव, रांझी निवासी बताया। चाकू बरामद होने पर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और चाकू रखने के उद्देश्य की भी जांच कर रही है। स्कूलों की छुट्टी के समय पुलिस की अचानक चेकिंग से क्षेत्र में घूम रहे संदिग्धों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलानी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्कूलों के आसपास विशेष चेकिंग और गश्त लगातार जारी रहेगी। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले एवं असामाजिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलमवीर संवाददाता, जबलपुर
