गुजरात में छिपा था 5 हजार का इनामी तरुण पटेल! रांझी पुलिस ने दबिश देकर दबोचा, करीब दो दर्जन अपराध दर्ज
कलमवीर जबलपुर। हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी तरुण पटेल पिता राजेश पटेल, निवासी जे.के. मेमोरियल, बड़ा पत्थर को रांझी पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर ₹5,000 का इनाम घोषित था तथा उसके खिलाफ करीब दो दर्जन आपराधिक प्रकरण दर्ज होना बताया गया है।
फरियादी रवि कोरी की रिपोर्ट पर 19 मई 2026 को थाना रांझी में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण में मोनू खान, सोनू यादव और शौरभ बैन को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि तरुण पटेल लगातार फरार था।
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास और सूचना तंत्र के आधार पर आरोपी के गुजरात में होने की जानकारी जुटाई और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर रांझी लाई। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की गई। 22 अगस्त को विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल जबलपुर भेज दिया गया।
कार्रवाई सीएसपी सतीश साहू के नेतृत्व में थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के निर्देशन में हुई। इसमें एएसआई मनीष जाटव, प्रधान आरक्षक अंबिका पांडे, प्रधान आरक्षक प्रदीप तिवारी और आरक्षक मनीष अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रांझी पुलिस के अनुसार, फरार एवं आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
