मल्लखंब में कमाल दिखाने वाली विद्युत परिवार की बिटिया श्रुति गुप्ता जबलपुर में सम्मानित

Kalamveer News Network
2 Min Read

इंडियाज गॉट टैलेंट से लेकर राष्ट्रीय चैंपियनशिप तक लहराया परचम, एमपी ट्रांसको के एमडी सुनील तिवारी ने किया सम्मान

कलमवीर, जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के बिलपांक रतलाम में कार्यरत जितेन्द्र कुमार गुप्ता की पुत्री श्रुति गुप्ता को मल्लखंब सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए मध्यप्रदेश की बिजली कंपनियों के मुख्यालय जबलपुर में आयोजित विशेष समारोह में सम्मानित किया गया। श्रुति गुप्ता की उपलब्धियों ने पूरे प्रदेश के विद्युत परिवार को गौरवान्वित किया है।

श्रुति गुप्ता ने राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय मल्लखंब प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त किया है। इसके अलावा उन्होंने सोनी टीवी पर प्रसारित लोकप्रिय टैलेंट शो इंडियाज गॉट टैलेंट में जवाहर मल्लखंब ग्रुप रतलाम के कलाकारों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। श्रुति ने चेन्नई में आयोजित अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय मल्लखंब चैम्पियनशिप में भी भाग लिया और अक्टूबर 2025 में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय मल्लखंब प्रतियोगिता में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

विशेष समारोह में मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता एवं समारोह के विशिष्ट अतिथि एन. जी. टिकेकर तथा प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने श्रुति गुप्ता को प्रशस्ति-पत्र, पदक और स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने श्रुति गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियाँ पूरे विद्युत परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं। उन्होंने कहा कि श्रुति की सफलता युवा पीढ़ी के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है और इससे अन्य बच्चे भी खेल और कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।

Share This Article