कलमवीर संघर्ष संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जबलपुर में एल्गिन अस्पताल पहुंचकर नवजात बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक

Kalamveer News Network
4 Min Read

कलमवीर, जबलपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार 28 जून 2026 को रानी दुर्गावती चिकित्सालय एल्गिन में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने नवजात शिशुओं को पोलियो की खुराक पिलाकर जिले में अभियान का शुभारंभ किया। कलमवीर संघर्ष संगठन के पदाधिकारियों ने भी एल्गिन अस्पताल पहुंचकर नवजात शिशुओं और 5 साल तक के बच्चों को जिंदगी की दो बूंद पिलाई।

इस अवसर पर कलमवीर संघर्ष संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पीपुल्स समाचार पत्र के संपादक मयंक तिवारी, आईएनएच न्यूज़ चैनल के प्रमुख संजय साहू, हरिभूमि समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार शुभम शुक्ला, कलमवीर संघर्ष संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता सत्यजीत यादव, जिला अध्यक्ष सृजन शुक्ला, प्रदेश सचिव सुधीर खरे, प्रदेश प्रवक्ता हर्षित चौरसिया, प्रसार भारती स्नेह नगर से सुरभि तिवारी मौजूद रहीं। साथ ही हॉस्पिटल अधीक्षिका डॉ. नीता पाराशर, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील, आरआई मैनेजर विजय पांडे, अर्चना शिवहरे, विकास श्रीवास्तव, अंजली दीवान, शारदा बुंदेला सहित अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहा।

जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल लगभग 3 लाख 89 हजार 226 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रथम दिवस 77 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिला दी गई। अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 2468 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं जिन पर 4936 टीकाकरण कर्मी और स्वास्थ्य कार्यकर्ता अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। इसके बाद 29 और 30 जून 2026 को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर भ्रमण कर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी ताकि कोई भी पात्र बच्चा दवा से वंचित न रहे। इस अवसर पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

अधिकारियों ने किया बूथों का औचक निरीक्षण
अभियान की सफलता परखने के लिए जिले और संभाग के उच्च अधिकारियों ने बूथों का औचक निरीक्षण किया। क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं संभाग जबलपुर डॉ. भरत कुमार खटीक ने सीएससी बरगी में चल रहे राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का निरीक्षण किया और इस दौरान बच्चों को दो बूंद पोलियो की दवा पिलाई। इस दौरान सीबीएमओ डॉ. रश्मि भटनागर, संभागीय कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर निहार दीवान और यूएनडीपी के अतुल करकरे भी मौजूद थे। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने शहर के कांचघर, घमापुर तथा वल्दी कोरी की दफाई क्षेत्र के पोलियो बूथ पहुंचकर कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता और जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील उपस्थित थे।

“दो बूंद जिंदगी की” – हर बच्चे को, हर बार पोलियो पर जीत बरकरार रखने का संकल्प इस अभियान के साथ दोहराया गया।

Share This Article