सृजन शुक्ला, जबलपुर। शहर के व्यस्त क्षेत्र बड़े फुहारा में मंगलवार शाम एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।जानकारी के अनुसार, यह भवन आदर्श जैन का है, जबकि नीचे स्थित दुकान राजा जैन किराए पर संचालित करते हैं। मंगलवार होने के कारण दुकान बंद थी। इसी दौरान लगातार हो रही बारिश के बीच भवन अचानक ढह गया।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पुलिस, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों की टीम पहुंची तथा क्षेत्र की घेराबंदी कर स्थिति का जायजा लिया। मलबे में किसी के दबे होने की आशंका को देखते हुए जांच की गई।
फिलहाल इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। प्रारंभिक तौर पर लगातार बारिश के कारण भवन कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इमारत गिरने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने आसपास के लोगों से सावधानी बरतने और क्षतिग्रस्त क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है।
