बराहमोरिया में एक साथ ध्वस्त हुईं दर्जनों भट्ठियां, 350 लीटर चुलाई शराब जब्त, कारोबारी फरार
कलमवीर, गिरिडीह। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत गिरिडीह प्रशासन ने मंगलवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बराहमोरिया गांव में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर गांव में संचालित दर्जनों अवैध महुआ शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। मौके से करीब 9000 किलोग्राम जावा महुआ और 350 लीटर तैयार चुलाई शराब बरामद की गई। जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि शराब को जब्त कर लिया गया।
उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर तथा अधीक्षक उत्पाद शिव प्रसाद साहू के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान उत्पाद विभाग और मुफ्फसिल थाना की टीम ने गांव के हर संभावित ठिकाने की तलाशी ली। शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली भट्ठियों की पहचान कर उन्हें मौके पर ही तोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान कारोबारियों के घरों और गोदामों की भी जांच की गई। टीम को देखते ही अवैध कारोबार में लिप्त लोग जंगल की ओर भाग निकले।
प्रशासन ने फरार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों ने दो टूक कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जो भी इस धंधे में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस छापेमारी दल में मुफ्फसिल थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक श्याम किशोर महतो, उत्पाद अवर निरीक्षक महेंद्र देवगम, पुलिस अवर निरीक्षक प्रियानन, पुलिस सहायक अवर निरीक्षक राहुल कुमार के साथ उत्पाद विभाग, जिला पुलिस, गृहरक्षक बल और क्यूआरटी के जवान शामिल रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई को गिरिडीह जिले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
