जबलपुर। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा समाजहित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘एम.पी. हलचल स्टेट अचीवर्स अवार्ड’ हेतु नामांकित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान एम.पी. हलचल टी.वी. न्यूज़ द्वारा प्रदान किया जाएगा।
डॉ. कोठारी को यह सम्मान उनके नेतृत्व में जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान सहित विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के सफल संचालन एवं उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों के लिए दिया जा रहा है। उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
नामांकन पर डॉ. नवीन कोठारी ने एम.पी. हलचल टी.वी. न्यूज़ एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के समर्पण, मेहनत और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
डॉ. कोठारी की यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है तथा जिले के लिए गौरव का विषय है।
