शादी समारोह में पत्नी को दिया तीन तलाक, दूसरी महिला से निकाह का आरोप; पुलिस ने दर्ज किया मामला

Srajan Shukla
Srajan Shukla 80 Views
2 Min Read

जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में तीन तलाक का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर रिश्तेदार के शादी समारोह में सार्वजनिक रूप से तीन बार “तलाक” कहकर वैवाहिक संबंध समाप्त करने, दूसरी महिला से निकाह करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता तस्लीम ने पुलिस को बताया कि करीब तीन वर्ष पहले उसका निकाह बड़े मदार छल्ला निवासी मोहम्मद शहनवाज से हुआ था। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति का व्यवहार बदल गया। महिला का आरोप है कि पति के दूसरी महिला से संबंध थे और वह अधिकांश समय उसी के साथ रहने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और घर खर्च देना भी बंद कर दिया गया था।

महिला के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। बुधवार रात एक रिश्तेदार के शादी समारोह में पति ने लोगों के सामने तीन बार “तलाक” कहकर उसे छोड़ दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद पति ने दूसरी महिला को अपने घर में रख लिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

गढ़ा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share This Article